195 देशों में संक्रमण और 22,025 मौतें: स्पेन में 4 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई; मॉस्को में एक हफ्ते के लिए बार-कैफे और रेस्तरां बंद


बीजिंग/रोम/नई दिल्ली. दुनिया के 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। 22,025 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 86 हजार 948 संक्रमित हैं। 1 लाख 17 हजार 563 मरीज ठीक भी हुए। भारत के 1.3 अरब, इटली के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में नजरबंद हैं। उधर, मॉस्को में किराने की दुकान और फार्मेसी के अलावा रेस्तरां, बार, पार्क और अन्य दुकानों को बंद कर दिया जाएगा। रूस में लगातार दूसरे दिन कोरोनोवायरस मामलों में वृद्धि हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, देश में 24 घंटे में 182 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल 840 केस हो गए हैं। अब तक तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, स्पेन में मौतों का आंकड़ा 4000 के पार हो गया है।


ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में 157 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ मौत का आंकड़ा 2,234 हो गया है। वहीं, संक्रमण का आंकड़ा 29,406 हो गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, ईरान दुनिया में छठा देश है, जो सबसे ज्यादा प्रभावित है।


फ्रांस इराक में तैनात अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाएगा। आर्म्ड फोर्सेस मिनिस्ट्री ने बुधवार को कहा कि कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि वह दाएश (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक) के खिलाफ हवाई अभियान जारी रखेगी। यहां 1331 लोगों की जान जा चुकी है। देश में अब तक 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।


ब्रिटिश राजनयिक की हंगरी में मौत


उधर, हंगरी में एक सीनियर ब्रिटिश राजनयिक स्टीवन डिक की कोरोनोवायरस से मौत हो गई। वे 37 साल के थे। वे बुडापेस्ट में ब्रिटिश दूतावास के मिशन के उप प्रमुख थे। उनकी मंगलवार को मौत हो गई थी। यहां अब तक 465 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9640 लोग संक्रमित हैं।



चीन ने मेडिकल सप्लाई के लिए पाकिस्तान को बॉर्डर खोलने को कहा


कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के कारण चीन ने दूसरे देशों के लिए अपनी सीमा बंद कर दी है। यहां संक्रमण का आंकड़ा 1102 हो गया है, जबकि आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच चीन ने पाकिस्तान से दवाओं की सप्लाई के लिए शुक्रवार को बॉर्डर खोलने के लिए कहा है। डॉन न्यूज रिपोर्ट में कहा गया है कि खंजरब दर्रा आमतौर पर 1 अप्रैल को खोला जाता है, जो उस हिस्से में सर्दियों के अंत का प्रतीक है। लेकिन वैश्विक महामारी के कारण पाकिस्तान और चीन के बीच सीमा को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। 1985 के सीमा प्रोटोकॉल समझौते के तहत खंजेरब सीमा नवंबर के अंत से अप्रैल तक बंद रहता है।


अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत


सीएनएन के मुताबिक, अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह देश में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मंगलवार को यहां 164 लोगों की जान गई थी। जनवरी में यहां पहला मामला सामने आया था, तब से अब तक 1032 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पहले रविवार की सुबह तक देशभर में कुल 326 मौतें हुईं थीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि हम सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर और सख्त कदम उठाएंगे। अमेरिका में 66,048 लोग संक्रमित हैं।



जापान में कोरोना से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा


जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोनोवायरस महामारी से निपटने के लिए टास्क फोर्स गठित करने का आदेश दिया है। देश में संक्रमण का आंकड़ा 1307 हो गया है, जबकि 45 लोगों की मौत हो गई है। जापान कैबिनेट के मुख्य सचिव योशीहिदे सुगा ने गुरुवार को कहा कि टास्क फोर्स का गठन करने के लिए आपातकाल की स्थिति घोषित करने की जरूरत है। बुधवार को सबसे ज्यादा 98 नए मामले सामने आए।


हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को 24 नए मामले


हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को संक्रमण के 24 नए मामलों की पुष्टि हुई। यहां कुल 410 केस हो चुके हैं। यहां सरकार ने अन्य देशों के साथ सीमाएं बंद कर दी हैं। हालांकि, कम्युनिटी ट्रांसमिशन कम हो रहा है। यहां चार लोगों की मौत हो चुकी है।


इटली में क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर जेल


इटली में एक दिन में कोरोना से 683 लोगों की मौत हुई है। यहां मौतों का आंकड़ा 7,503 हो चुका है। वहीं, संक्रमण का आंकड़ा 74,386 हो गया है। इटली में 9 मार्च से शुरू हुआ लॉकडाउन 3 अप्रैल को खत्म होने वाला है। मंगलवार को कोरोनावायरस को लेकर लापरवाही बरतने वाले लोगों से सख्ती से निपटने के लिए नई एडवाइजरी जारी की। इसमें होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों को जुर्माना और जेल भी हो सकती है।


स्पेन में 24 घंटों में 656 लोगों ने जान गंवाई


उधर, स्पेन सरकार के मुताबिक, देश में 4089 मौतें दर्ज की जा चुकी है। स्पेन में मौतों का आंकड़ा चीन से भी ज्यादा हो गया है। चीन में 3,287 लोग मारे जा चुके हैं। स्पेन की उप प्रधानमंत्री कार्मेन काल्वो बुधवार रात कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काल्वो की सेहत चार दिन से खराब थी। वे घर से ही आइसोलेशन में सरकारी कामकाज कर रही थीं। बुधवार रात उनकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्पेन सरकार ने काल्वो के स्टाफ और उनके संपर्क में जो दूसरे लोग आए हैं, उन सभी को क्वारैंटाइन में जाने का आदेश दिया है। एक मेडिकल बोर्ड इन सभी की निगरानी करेगा।


मिस्र की राजधानी काहिरा में शटडाउन


मिस्र और उसकी राजधानी काहिरा को बुधवार शाम शॉडाउन कर दिया गया। यहां करीब दो करोड़ लोग रहते हैं। अधिकारियों ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। शहर में रेस्तरां और कैफे आमतौर पर सुबह तक खुले रहते हैं। लेकिन कर्फ्यू शुरू होने से पहले ही दुकानें और रेस्तरां बंद कर दी गईं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में संक्रमण के मामले अब तक 456 हो चुके हैं। इसमें 21 लोगों की मौत हुई है और 95 स्वस्थ्य हुए हैं।


न्यूजीलैंड में एक दिन में सबसे ज्यादा 73 संक्रमित मिले


न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोनावायरस के 73 नए मरीज मिले हैं। यह देश में एक दिन में संक्रमण का सबसे ज्यादा मामला है। ज्यादातर मामलों में संक्रमितों का विदेश यात्रा का इतिहास रहा है। विदेश से लौटने के बाद वे किसी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस तरह से संक्रमण का मामला बढ़ा है।


संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित देश




























































देशसंक्रमणमौत
चीन81,2853,287
इटली74,3867,503
अमेरिका68,4891,032
स्पेन49,5153,647
जर्मनी37,323206
ईरान27,0172077
फ्रांस25,2331,331
स्विट्जरलैंड10,897153
ब्रिटेन9,529465
दक्षिण कोरिया9,241131

भारतीय मूल के मशहूर शेफ फ्लॉयड नहीं रहे


भारतीय मूल के मशहूर शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 18 मार्च को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में कोरोना टेस्ट किया गया था। उनका रिजल्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद से 59 साल के फ्लॉयड का न्यूजर्सी में इलाज चल रहा था। उनकी कंपनी हंगर इंक ने एक बयान में कहा, “बड़े दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 25 मार्च को निधन हो गया है। वे अपने परिवार में मां बेरिल, पत्नी बरखा और दो बेटों जस्टिस और पीटर को छोड़ गए हैं।”


Popular posts
आज सबसे ज्यादा 5 संक्रमितों ने दम तोड़ा; श्रीनगर, मुंबई, भावनगर, भीलवाड़ा के बाद कर्नाटक में 75 साल की बुजुर्ग की माैत
मोदी ने संकेत दिए- 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन एक साथ नहीं हटेगा; 5 राज्यों के मुख्यमंत्री भी लॉकडाउन हटाने के पक्ष में नहीं
Image
कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश में तैयार होंगे 266 आइसोलेशन कोच, जयपुर में 12 कोच तैयार
Image
जयपुर में 120 मामले; इनमें 105 पॉजिटिव एक किलोमीटर दायरे में, यहां कर्फ्यू के बाद अब महाकर्फ्यू लगा